CHHATTISGARH : 9th class student jumps from hostel, 4 people arrested!
अंबिकापुर. अंबिकापुर के बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में बड़ा मामला सामने आया है। यहां कक्षा 9वीं के एक छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में उसकी रीढ़ और पैर की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत में उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र के सरगवां स्थित स्कूल का है। छात्र के पिता अरुण कुमार गुप्ता का आरोप है कि उनका बेटा हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था। 22 नवंबर को वह हॉस्टल से निकलकर अपनी बुआ के घर चला गया था। पिता का दावा है कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन से बच्चे को उनके आने तक नहीं ले जाने को कहा था, लेकिन प्रबंधन उसे वापस हॉस्टल ले आया।
कमरे में बंद करने और धमकी देने का आरोप
पिता के मुताबिक, उनके जीजा भी बच्चे के साथ हॉस्टल पहुंचे थे और उसे अपने पास रखने की बात कही थी। आरोप है कि प्रबंधन ने उनकी बात नहीं मानी और छात्र को कमरे में बंद कर दिया। उसे दोबारा भागने पर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी भी दी गई थी।
असिस्टेंट डायरेक्टर समेत 4 गिरफ्तार
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और HR कुणाल को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। इससे पहले भी स्कूल में छात्र से 100 बार गाली लिखवाने का मामला सामने आया था।


