CG DOUBLE MURDER : Mother and son murdered after entering the house
डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सनसनीखेज वारदात हुई। चौथना गांव में घर के अंदर घुसकर एक आरोपी ने मां और बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
मां-बेटे की मौत, बेटी रायपुर रेफर
जानकारी के मुताबिक, कमला सोनकर का परिवार सब्जी बेचने का काम करता है। शुक्रवार रात आरोपी घर में घुसा और कमला सोनकर पर हमला कर दिया। इसके बाद उसके 21 वर्षीय बेटे हमेंद्र सोनकर को भी निशाना बनाया। हमले में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ममता को डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पारिवारिक रंजिश की आशंका
वारदात के समय कमला सोनकर का पति घर से बाहर था। शुरुआती जानकारी में हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। संदेह परिवार के ही एक रिश्तेदार पर है, लेकिन आरोपी की भूमिका और हत्या की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरी नंदन नायक के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द खुलासा करने की बात कही है।
