CROCODILE ATTACK: Crocodile preys on child who went to wash hands in Bahraich!
CROCODILE ATTACK: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बौंडी थाना क्षेत्र के मुरौवा गांव में 12 वर्षीय एक बच्चे को मगरमच्छ मुंह में पकड़कर नदी में खींच ले गया और उसकी जान ले ली.
इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और नदी किनारे रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, सुनील सिंह अपने चाचा के साथ धान की रोपाई के लिए खेत गया था.
शाम को काम खत्म होने के बाद वह घाघरा (सरयू) नदी के किनारे हाथ-मुंह धोने पहुंचा। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे अपने जबड़ों में दबोचकर नदी की ओर खींच ले गया.
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ के हमले के सामने उनकी कोशिशें नाकाम रहीं.
देर रात ग्रामीणों ने काफी तलाश के बाद नदी से बालक का शव बरामद किया. बताया जा रहा है कि शव का एक पैर और पेट का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त था.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है. वहीं, घाघरा नदी के आसपास रहने वाले लोगों में मगरमच्छों की मौजूदगी को लेकर चिंता और डर बढ़ गया है.
