CREDAI Property Expo: Booking of over 170 properties sets a record!
CREDAI PROPERTY EXPO: क्रेडाई प्रॉपर्टी एक्सपो-2026 के तीन दिवसीय आयोजन में 170 से अधिक प्रॉपर्टीज़ की बुकिंग ने एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। इसकी मुख्य वजह क्रेडाई छत्तीसगढ़ द्वारा एक्सपो के दौरान बुकिंग पर रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी में 50 फीसदी छूट देने की घोषणा रही। इस एक्सपो में 3800 से अधिक लोगों ने विजिट किया।
समापन के अवसर पर, हर साल की तरह लकी ड्रॉ निकाला गया, जिसके सात विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। इस दौरान स्टॉल होल्डर्स और एक्सपो के सहयोगियों को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर को सबसे शांतिपूर्ण शहर बताते हुए कहा कि क्रेडाई को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि मध्यमवर्गीय परिवारों को आसानी से आवास कैसे उपलब्ध हो सके।
बृजमोहन अग्रवाल ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि जब से क्रेडाई के इस आयोजन की शुरुआत हुई है, वे हर साल इसमें शामिल होते रहे हैं, इसलिए वे यहां अतिथि नहीं बल्कि क्रेडाई परिवार का स्थायी हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ को विकसित होते देखा है। आज देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे राज्यों में छत्तीसगढ़ और शहरों में रायपुर का नाम शामिल है। रायपुर आज एक बेहद शांतिपूर्ण शहर है और आने वाले दिनों में यह और भी सुंदर होगा। उन्होंने क्रेडाई सदस्यों से आह्वान किया कि वे मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आवास उपलब्ध कराने की दिशा में काम करें, क्योंकि उन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। यदि आप गुणवत्ता और मात्रा (क्वालिटी व क्वांटिटी) दोनों के साथ निर्माण करेंगे, तो आपका भी नाम होगा। सरकार की कई नीतियां हैं और आने वाले दिनों में इनमें और सुधार किया जाएगा।
क्रेडाई छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष पंकज लाहोटी ने बताया कि क्रेडाई प्रॉपर्टी एक्सपो का यह सातवां संस्करण अपने उद्देश्यों में पूरी तरह सफल रहा। तीन दिनों में रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी में 50 फीसदी छूट की घोषणा के कारण 170 से अधिक प्रॉपर्टीज़ की बुकिंग हुई और 3800 से अधिक लोगों ने यहां विजिट किया। प्रोग्राम चेयरमैन अशोक मूंदड़ा ने बताया कि लगभग डेढ़ माह की अथक तैयारियों के बाद यह आयोजन सार्थक हो पाया है। इसके माध्यम से हमने केवल प्रोजेक्ट्स और स्टॉल ही प्रदर्शित नहीं किए, बल्कि लोगों के अपने घर का सपना भी पूरा किया है। हम सिर्फ बिल्डिंग नहीं, बल्कि कम्युनिटी बनाते हैं। उन्होंने एक अहम बात कही कि जीवन में इंसान चाहे कितना भी सोना-चांदी या हीरे-मोती कमा ले, लेकिन जमीन से बढ़कर कोई संपत्ति नहीं है, शायद इसीलिए इसे ‘रियल एस्टेट’ (वास्तविक संपत्ति) कहा जाता है। समारोह के अंत में प्रतीक केवलानी ने आभार व्यक्त किया।
‘क्रेडाई सेलिब्रेट’ कैंपेन के तहत बेस्ट कैंपेनिंग के लिए तीन छात्रों को सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। इनमें सिद्धार्थ साहू को प्रथम, यश सोनी को द्वितीय और मिनेश साहू को तृतीय स्थान मिला। इसके अलावा भूमिका गुप्ता और अभिनय पटनायक को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
दुबई के शेख भी पहुंचे क्रेडाई एक्सपो
क्रेडाई प्रॉपर्टी एक्सपो का आकर्षण इतना था कि दुबई से आए शेख भी रविवार को इंडोर स्टेडियम पहुंचे और निवेश के दृष्टिकोण से प्रॉपर्टी की जानकारी ली। उन्होंने इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए ‘थैंक्यू रायपुर, थैंक्यू क्रेडाई’ कहकर अपनी शुभकामनाएं दीं।
*लकी ड्रॉ के विजेता:*
पहला इनाम (सोनी 55 इंच टीवी): सविता वर्मा (प्रोजेक्ट – सेरेनिटी बाय क्लासिक)
दूसरा इनाम (वोल्टास एसी): रिंकू परवानी (कृष्णा सत्वम, प्रोजेक्ट – ओम एक्सोटिका)
तीसरा इनाम (एलजी रेफ्रिजरेटर): विवेक गोहिया (आरती बिल्डकॉन, प्रोजेक्ट – अशोका पाम मीडोज़)
चौथा इनाम (एलजी वॉशिंग मशीन): विकास साहू (श्री स्वास्तिक ग्रुप, प्रोजेक्ट – एकेसिया)
पांचवां इनाम (एलजी माइक्रोवेव): मुकेश शर्मा (अष्टविनायक रियल्टीज़, प्रोजेक्ट – गुलमोहर ग्रीन्स)
छठवां इनाम (एलजी ओवन): प्रणय जायसवाल (वर्धमान ग्रुप, प्रोजेक्ट – द एलिमेंट्स)
सातवां इनाम (फिलिप्स एयर फ्रायर): प्राची अग्रवाल (प्रोजेक्ट – सेरेनिटी बाय क्लासिक)
