CHHATTISGARH : Path cleared for 3 officers to become IAS
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रशासनिक सेवा के तीन अफसरों का IAS बनने का रास्ता साफ हो गया है। दिल्ली में UPSC की डिपार्टमेंट प्रमोशन कमेटी (DPC) की बैठक में 2013 बैच के तीन अधिकारियों को IAS अवॉर्ड करने पर हरी झंडी मिल गई है।
DPC की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब फाइल DOPT जाएगी। वहां जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद तीनों अफसरों की IAS नियुक्ति का नोटिफिकेशन जारी होगा।
कौन-कौन बनेंगे IAS?
2013 बैच में पहले तीन अधिकारियों को IAS अवॉर्ड मिल चुका है। इसके बाद वरिष्ठता क्रम में अभिषेक अग्रवाल, सचिन भुतड़ा और राजीव पाण्डेय का नंबर आया और इस बार DPC में इन्हीं तीनों के नाम को मंजूरी मिली है।
पिछले साल इसी बैच के सुमित अग्रवाल, संदीप अग्रवाल और आशीष टिकरिहा को IAS अवॉर्ड किया गया था। 2013 बैच में कुल 29 अधिकारी हैं। अब तीन और अधिकारियों के IAS बनने के बाद इस बैच के 26 अफसर अभी भी इंतजार में रहेंगे।
5 पद खाली, फिर सिर्फ 3 पर DPC क्यों?
छत्तीसगढ़ में राप्रसे कोटे से IAS बनने के 5 पद खाली हैं, लेकिन इस बार DPC सिर्फ तीन पदों के लिए हुई। दो अधिकारियों के मामले में लिफाफा बंद रखा गया है।
जानकारी के मुताबिक, सौम्या चौरसिया के खिलाफ चल रहे मामलों के कारण उनका मामला पहले भी सीलबंद लिफाफे में रखा गया था। इसी तरह PSC घोटाले में गिरफ्तार पूर्व एग्जाम कंट्रोलर आरती वासनिक का मामला भी सीलबंद लिफाफे में है। इन मामलों के स्पष्ट होने तक दोनों पदों पर नियुक्ति नहीं होगी।
दिल्ली पहुंचे थे CS और GAD सचिव
DPC में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के चीफ सेक्रेटरी विकास शील और सामान्य प्रशासन विभाग के कार्यवाहक सचिव मुकेश बंसल मंगलवार सुबह दिल्ली गए थे।
अब छत्तीसगढ़ में 155 IAS?
छत्तीसगढ़ के लिए IAS कैडर की स्वीकृत संख्या 202 बताई गई है। वर्तमान में 175 IAS अफसर पोस्टेड हैं, जिनमें करीब 23 अधिकारी अलग-अलग प्रतिनियुक्तियों पर हैं। प्रतिनियुक्ति वाले अफसरों को अलग करें तो राज्य में करीब 152 IAS कार्यरत हैं।
अब तीन नए IAS जुड़ने के बाद यह संख्या 155 हो जाएगी।
