CG Cyber Fraud: ₹6.25 lakh siphoned from DGM’s account by someone posing as an election official!
CG CYBER FRAUD: छत्तीसगढ़ के दुर्ग के भिलाई-3 में मतदाता सूची में नाम सुधारने के नाम पर साइबर ठगों ने अकाउंट से 6 लाख 25 हजार रुपए निकाल लिए।
ठग ने खुद को चुनाव आयोग का अधिकारी बताकर लायड्स कंपनी में डीजीएम के पद पर कार्यरत विकास गोपाल नारायण सहगल को निशाना बनाया।
आरोपी ने उनके पिता का नाम वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में गलत दर्ज होने की बात कही और उसे सुधारने के लिए व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजा।
आरोपी ने व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजकर फॉर्म भरने को कहा। पिता के नाम में सुधार की बात सुनकर शिकायतकर्ता ने इसे सामान्य चुनावी प्रक्रिया समझा और लिंक के जरिए फॉर्म भर दिया। आरोप है कि इसके बाद उनके खाते से 6.25 लाख रुपए निकल गए ।
शिकायत में बताया गया है कि बैंक रिकॉर्ड में रकम के लेनदेन का तरीका तत्काल भुगतान सेवा (IMPS) दर्ज है। इसके अलावा, रिकॉर्ड में इन्फीबीम एवेन्यूज लिमिटेड और सीसी एवेन्यू के नाम भी सामने आए हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पूरी रकम किस खाते में पहुंची और इन कंपनियों की इस मामले में क्या भूमिका है ? पुलिस लेनदेन के विवरण, संबंधित बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है।
विकास सहगल ने साइबर अपराध से जुड़ी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के बाद 9 अक्टूबर को भिलाई-3 थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की पहचान और रकम के लेनदेन की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही ठगी में शामिल लोगों और पैसे के ठिकाने का पता चल सकेगा।
