CG POLITICS: Bhupesh Baghel should first find out in his organization why his leaders are disillusioned with the party – Kiran Singhdev
सुकमा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहले अपने संगठन में पता करें आखिर ऐसी नौबत क्यों आ रही है कि उनके नेता व कार्यकर्ताओं की पार्टी से मोहभंग होने लगा है। आपके संगठन में ऐसी स्थिति निर्मित क्यों हुई उसका पता लगाना चाहिए। अगर भाजपा की तरफ से ऐसा प्रयास किया गया है तो उसका खुलासा करें। ये सच है कि अगर कोई अपनी स्वेच्छा से भाजपा की नीति व रीति को अपनाना चाहता है तो उनका स्वागत है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने नईदुनिया से चर्चा करते हुए ये बातें कहीं।
मंगलवार को रामाराम मेले में शामिल होने पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा की जीत होगी। उन्होंने कहा कि देश के हित में मोदी सरकार ने जो काम करके दिखाया है उसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। जो इंसान गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए अब तक एक भी अवकाश ना लेकर सिर्फ और सिर्फ देशहित में काम किया है। जनता सब जानती है कांग्रेस सिर्फ झूठे वादे व दावे करते हैं। ठीक उसी तरह टीएस सिंहदेव ने प्रदेश में 6 सीटें व बस्तर सीट जीतने का दावा किया है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में जिस तरह से कांग्रेस के नेताओं ने माहौल बनाया था मीडिया के सर्वे में भी जिस तरह कांग्रेस की सरकार बनना दिखाया गया था, लेकिन प्रदेश की जनता ने जो जवाब दिया है उससे स्पष्ट है कि मोदी की गारंटी पर लोगों को विश्वास है। आज कम समय में मोदी की गांरटी व विष्णुदेव की सरकार ने जो काम कर दिखाया है वो काबिले तारीफ है। धान का बोनस हो चाहे महतारी वंदन योजना हो, वादे पूरे हो रहे है। उन्होंने कहा कि अब बस्तर की तस्वीर बदलने से कोई नहीं रोक सकता है। यहां की जनता समझदार है वो किसी के बातों में गुमराह होने वाली नहीं है।
बस्तर के विकास में कोई कसर नहीं रहेगी –
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि मेरी कर्मभूमि बस्तर है और हमारी सरकार ने तय कर लिया है कि आने वाले समय में बस्तर के विकास में कोई कमी नहीं रहेगी। हाल ही बस्तर के अंदरूनी इलाकों में नई योजना नियद नेल्लानार योजना की शुरूआत हो रही है। जिससे कैंप के आसपास गांवों का विकास होगा। उन गांवों में सरकार की योजनाऐं पहुंचेगी और अंतिम व्यक्ति विकसित होगा। क्योंकि डबल इंजन की सरकार का लाभ बस्तरवासियों को जरूर मिलेगा।
