CG Mid-Day Meal: Smell resembling mothballs in the mid-day meal!
CG MID-DAY MEAL: बेमेतरा के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम कन्या शाला में बुधवार (19 अगस्त) को मध्यान्ह भोजन में डामर जैसी गंध आने से स्कूल प्रबंधन ने तत्काल भोजन वितरण रोक दिया।
एहतियात के तौर पर जिन 26 बच्चों ने भोजन कर लिया था, उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और चिकित्सकीय जांच की जा रही है।
घटना उस समय हुई जब सबसे पहले छठवीं और फिर आठवीं कक्षा के बच्चों को खाना दिया जाना था। इसी दौरान प्राचार्य को भोजन से डामर जैसी गंध आने की सूचना मिली।
उन्होंने तुरंत अन्य कक्षाओं में भोजन वितरण रुकवा दिया और खाना खा चुके बच्चों को एहतियात के तौर पर अस्पताल भेजा।
मामले में यह बात भी सामने आई है कि एक रसोइया ने भोजन चखा था और उसे भी डामर जैसी गंध महसूस हुई थी। इसके बावजूद उसने तत्काल स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में बच्चों ने भी भोजन में असामान्य गंध महसूस की, जिसके बाद भोजन वितरण पूरी तरह रोक दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, रसोइया के बच्चे के पास कथित तौर पर डामर की एक गोली थी, जो खेलते समय भोजन में गिर गई। हालांकि, यह वस्तु भोजन तक कैसे पहुंची और वास्तव में घटना किस वजह से हुई, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
