CG CRIME: Jeweler surrounded in the forest and robbed of lakhs!
CG CRIME: मंगलवार की शाम छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह बदमाशों ने साप्ताहिक बाजार से लौट रहे सराफा व्यापारी और उसके साथी से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है।
साप्ताहिक बाजार से लौट रहे व्यापारी का रास्ता रोककर आरोपियों ने पहले जेवरात से भरा बैग छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर डंडे से हमला कर दिया।
इसके बाद बदमाश सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। व्यापारी ने करीब 50 लाख रुपये की लूट का दावा किया है। हालांकि, पुलिस ने अभी कुल नुकसान की पुष्टि नहीं की है। मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
वेदप्रकाश सोनी सोने-चांदी के आभूषणों का कारोबार करते हैं। मंगलवार को वे अपने साथी नरेंद्र पाटस्कर के साथ ग्राम दलदली के साप्ताहिक बाजार में आभूषणों की खरीद-बिक्री करने गए थे। शाम को दोनों मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तरेगांव और बैजलपुर के बीच ग्राम दुर्जनपुर के पास घाटी में दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने व्यापारी के पास मौजूद बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर डंडे से हमला कर उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद बदमाश जेवरात और नकदी से भरा बैग लेकर भाग निकले। घटना के बाद व्यापारी ने तरेगांव जंगल थाने में शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती छह आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और लूटे गए जेवरात व नकदी की बरामदगी की है।
