CG BREAKING: Sakri’s government program postponed after invitation letter controversy?
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के सकरी क्षेत्र में आज होने वाला लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम अचानक स्थगित कर दिया गया। यह कार्यक्रम नगर निगम जोन-1 के तहत होने वाले विकास कार्यों से जुड़ा था, जिसमें उपमुख्यमंत्री अरुण साव के शामिल होने का कार्यक्रम तय था।

आयोजकों की ओर से कार्यक्रम स्थगन के पीछे “अपरिहार्य कारण” बताए गए हैं, लेकिन सियासी गलियारों में इसकी वजह कुछ और ही मानी जा रही है। चर्चा है कि राजनीतिक खींचतान के चलते आखिरी वक्त पर कार्यक्रम टालना पड़ा।
दरअसल, कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र को लेकर भी सवाल उठे थे। बताया जा रहा है कि निमंत्रण पत्र में न तो क्षेत्र के सीनियर विधायकों का नाम था और न ही सांसद का जिक्र किया गया था। इसी को लेकर अंदरखाने नाराजगी की बात सामने आ रही है।
हालांकि प्रशासनिक स्तर पर फिलहाल सिर्फ अपरिहार्य कारणों का ही हवाला दिया जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कार्यक्रम की नई तारीख कब घोषित की जाएगी और क्या सियासी असहजता दूर हो पाएगी।

