BIHAR BLAST NEWS: Massive explosion at a firecracker factory in Siwan; 7 dead!
BIHAR BLAST NEWS: सिवान के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में शुक्रवार शाम अवैध पटाखा भंडार में हुए भीषण विस्फोट में पति-पत्नी समेत 7 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद लगातार धमाके होते रहे। करीब डेढ़ घंटे तक धमाकों की आवाज सुनाई देती रही।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि मकान का अगला हिस्सा ढहकर सड़क पर जा गिरा।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब दो घंटे तक रुक-रुककर धमाके होते रहे। हादसे में तीन लोगों की मौत की मेडिकल टीम ने पुष्टि की है।
लगातार धमाकों और धुएं के बीच राहत-बचाव कार्य चलाने में परेशानी हुई। हादसे में मारे गए लोगों के क्षत-विक्षत शवों की पहचान करना भी चुनौती बना रहा।
आलमपुर निवासी मो. अमीरुद्दीन मियां के मकान में पटाखों का भंडार था। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के लिए पटाखों की आपूर्ति करते थे। मकान में पटाखा बनाने के लिए रसायन और विस्फोटक सामग्री रखे होने की बात भी सामने आई है।
हालांकि, विस्फोट किस वजह से हुआ, इसका अब तक पता नहीं चल सका है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची। बाद में डीआइजी सारण, जिलाधिकारी, एसपी और महाराजगंज के अनुमंडल पदाधिकारी ने घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल, डाग स्क्वायड, मेडिकल और बिजली विभाग की टीमों ने भी जांच में सहयोग किया।
घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनुसंधान की जिम्मेदारी महाराजगंज के सर्किल इंस्पेक्टर को सौंपी गई है। मामले की जांच के लिए विशेष टीम भी गठित की गई है।
