BASTAR FLOOD: Kiran Dev delivered relief supplies to flood victims!
जगदलपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव ने बस्तर अंचल में मूसलाधार बारिश और ओड़िशा के खातीगुड़ा बांध के फाटक खोले जाने से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित परिवारों तक कार्यकर्त्ताओं के माध्यम से राहत सामग्री पहुंचाई। बाढ़ के कारण शहर की निचली बस्तियों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
किरण देव की पहल पर शिव मंदिर वार्ड, भैरमदेव वार्ड, डोंगाघाट, भाटागुड़ा, छेपडागुड़ा व तमाकोनी सहित बाढ़ प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को कंबल, चटाई और राशन सामग्री उपलब्ध कराई गई। राहत सामग्री मिलने से बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिली। इस अवसर पर विधायक किरण देव ने वीडियो कॉल के माध्यम से बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने प्रभावित परिवारों से उनकी समस्याएं और हुए नुकसान के संबंध में जानकारी लेते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बाढ़ की इस आपदा में प्रभावित लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। शासन-प्रशासन के माध्यम से बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कराकर प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं को भी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंदों की मदद करने के निर्देश दिए गए हैं।राहत सामग्री वितरण करने वालों में प्रकाश रावल भाजपा जिला कोषाध्यक्ष किसान मोर्चा बस्तर मनोज जंगम राजेश सोनी साहिल दास पार्वती रावल सुजाता भोलो संतोषी यादव ने वितरण में अपना योगदान दिया
