जनता के बीच जाएंगे भाजपा के सभी मोर्चा- नितिन नबीन

Date:

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

 

0 रावण भी अपनी जनता के लिए कुछ काम करता था, भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में कोई काम नहीं किया

0 मोदी सरकार सबके लिए समान रूप से करती है काम

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन ने सभी मोर्चों के प्रभारियों, अध्यक्षों व महामंत्रियों की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि सभी मोर्चा अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित मुद्दों पर विभिन्न वर्गों के बीच जाएंगे। किसान मोर्चा किसानों को बतायेगा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए क्या क्या योजनाएं दी हैं। मोदी जी किसानों की बेहतरी के फैसले करते हैं और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार किसानों के साथ छलावा कर रही है। युवा मोर्चा युवाओं के बीच जाकर बेरोजगारी भत्ता इत्यादि विषयो पर भूपेश बघेल सरकार की धोखेबाजी को तथ्यों के साथ बतायेगा। अनुसूचित जनजाति मोर्चा तेंदूपत्ता के मुद्दे पर वनवासियों के बीच होगा। महिला मोर्चा शराबबंदी, स्वयंसहायता समूह से किये धोखाधड़ी के मामलों में महिलाओं के साथ है और महिलाओं के हक में संघर्ष कर रहा है। महिला मोर्चा अपने कार्यक्षेत्र के विषयों पर महिलाओं के बीच जाएगा। पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा सहित सभी मोर्चा जनता के बीच जाएंगे।

भाजपा सह प्रभारी नितिन नबीन ने नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की चिट्ठी पर कहा कि वे पहले अपने मंत्री टीएस सिंहदेव की चिट्ठी का जवाब दें। उन्होंने कहा कि रामराज्य सुशासन का प्रतीक है। रावण राज अन्याय का। फिर भी रावण अपनी जनता के लिए कुछ काम करता था। छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल ने कुछ भी काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार चेहरा या जाति देखकर योजना नहीं बनाती। समान रूप से सभी के हित में योजनाओं का लाभ मिलता है। देश के सभी किसानों को पैसा दे रही है। सभी गरीबों को पक्का मकान दे रही है। अल्पसंख्यक वर्ग को समानता के साथ मोदी जी की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक

शुक्रवार को प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन की उपस्थिति में सभी मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक हुई।

इस अवसर पर मोर्चा पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए श्री नबीन ने कहा कि हमें हर वर्ग के बीच जाना है। मोदी सरकार की योजनाओं से अवगत कराने के साथ ही कांग्रेस की छत्तीसगढ़ सरकार की कुनीतियों विफलताओं को उजागर करना है।

बैठक में मोर्चा पदाधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्रमों और कार्य योजना से प्रदेश सह प्रभारी श्री नबीन को अवगत कराया।

ज्ञातव्य है कि पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल से आगामी 14 अप्रैल तक मोर्चों के लिए कार्यक्रम तय किए गए हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा सामाजिक न्याय सप्ताह के तहत चिकित्सा शिविर, करियर काउंसलिंग, बस्तियों में सह भोज और स्वच्छता के कार्यक्रम रखेगा। अनुसूचित जनजाति मोर्चा 8 अप्रैल को जनजातीय युवकों को आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम के तहत सम्मेलनों के माध्यम से जागरूक कर रोजगार संबंधी योजनाओं से अवगत कराएगा और सिकलसेल प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर आयोजित करेगा। किसान मोर्चा द्वारा 9 अप्रैल को प्राकृतिक खेती पर जन जागरण अभियान तथा श्रीअन्न योजना के लिए शहरी क्षेत्रों में जन जागरण के लिए पैदल मार्च किया जाएगा। 10 अप्रैल को महिला मोर्चा द्वारा अनुसूचित जाति की महिलाओं के साथ सह भोज का कार्यक्रम रखा जाएगा। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नेतृत्व में 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा राव फुले की जयंती मनाई जाएगी, 12 अप्रैल को चिकित्सा व स्वच्छता शिविर तथा 13 अप्रैल को जलाशयों की सफाई व वृक्षारोपण का कार्यक्रम है। 14 अप्रैल को अनुसूचित जाति मोर्चा बाबासाहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाएगा।

सभी मोर्चों के प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा और उनके महत्व को प्रतिपादित करते हुए प्रदेश सह प्रभारी श्री नबीन ने कहा कि मोर्चा के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता समाज के सभी वर्गों तक पहुंचें और भाजपा के सेवा कार्यक्रम व वैचारिक आंदोलन से सबको जोड़ें। बैठक में प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय,प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप,ओपी चौधरी सभी मोर्चा के प्रभारी ,अध्यक्ष और महामंत्री आदि उपस्थित थे।

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related