कोरिया, 15 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बचरा पोड़ी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम बड़ेसाल्ही में देर रात एक दंपत्ति पर उस वक्त आग का कहर टूट पड़ा, जब वे अपने घर में गहरी नींद में सो रहे थे। जानकारी के मुताबिक, घर में आग लगाने वाला और कोई नहीं बल्कि मृतक का दामाद ही है।
घटना में ससुर की मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सास गंभीर रूप से झुलस गई है। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए उसे रायपुर रेफर किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी दामाद का अपने ससुराल पक्ष से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने देर रात वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी दामाद की तलाश शुरू कर दी है। बचरा पोड़ी चौकी पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
