SAKTI GOVERNMENT LAND SCAM : Big game on 400 acres of government land?
सक्ती। जिले के झालरौंदा गांव में करीब 400 एकड़ सरकारी जमीन निजी लोगों के नाम दर्ज कराने का आरोप लगा है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्रा ने कलेक्टर जयश्री जैन से शिकायत कर जमीन रिकॉर्ड, किसान पंजीयन और धान खरीदी की जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में तत्कालीन पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार सहित राजस्व अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि सरकारी जमीन निजी नाम पर दर्ज कराकर फर्जी किसान पंजीयन और धान बिक्री की गई। इसके जरिए बोनस और बैंक लोन का लाभ लेने की भी बात कही गई है।
शिकायतकर्ता ने कुछ परिवारों और दो मीडियाकर्मियों के नाम पर जमीन दर्ज होने का दावा किया है। साथ ही पिछले साल 60 लाख रुपए से ज्यादा बोनस भुगतान और इस साल भी बड़ी राशि के भुगतान की आशंका जताई है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने डिप्टी कलेक्टर की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाई है। टीम को मौके पर जाकर राजस्व रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने अन्य गांवों में भी गड़बड़ी की आशंका जताते हुए उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।


