CG CONSTABLES SUSPENDED : Robbery accused escape from police station, 3 policemen suspended
राजनांदगांव। राजनांदगांव के कोतवाली थाने से लूट के मामले में गिरफ्तार दो आरोपी फरार हो गए। थाने से आरोपियों के भागने की घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अंकिता शर्मा ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित किए गए आरक्षकों में नितेश ध्रुव, किशन देवांगन और दुर्गेश साहू शामिल हैं। आरोपियों की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी के दौरान लापरवाही सामने आने पर यह कार्रवाई की गई है।
दोनों आरोपी लूट के मामले में गिरफ्तार किए गए थे। उनके थाने से फरार होने के बाद पुलिस ने तलाश तेज कर दी है। आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
थाने के भीतर से गिरफ्तार आरोपियों के फरार होने की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात जवानों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने फरार आरोपियों को जल्द पकड़ने के साथ घटना के दौरान हुई लापरवाही की जांच करना भी चुनौती है।
एसपी की कार्रवाई से साफ है कि मामले में जिम्मेदारी तय करने के लिए विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


