CHHATTISGARH : Team that arrived to remove encroachment from forest land attacked, 4 injured including TI!
गरियाबंद। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के करका जंगल में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला कर दिया गया। कब्जाधारियों के विरोध के दौरान हिंसक झड़प हुई, जिसमें खल्लारी थाना प्रभारी समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
बुधवार को 400 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारियों की टीम करका जंगल के आरसीकन्हार रेंज में कार्रवाई करने पहुंची थी। अभियान में महिला वनकर्मियों ने भी मोर्चा संभाला। इस दौरान आग लगाने की कोशिश को नाकाम कर अतिक्रमणकारियों को मौके से हटाया गया।
वन विभाग के सर्वे में अतिक्रमण की चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। विभाग के मुताबिक, 2016 में करीब 22 हेक्टेयर वनभूमि पर कब्जा था, जो 2026 तक बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हो गया। पुराने सैटेलाइट चित्रों, इसरो की इमेजरी और ड्रोन सर्वे के आधार पर यह आकलन किया गया है।
विभाग का दावा है कि इस दौरान करीब 1.25 लाख पेड़ों को काटा गया या नुकसान पहुंचाया गया। पेड़ों को सुखाने के लिए तनों की छाल चारों तरफ से हटाने यानी गर्डलिंग का तरीका भी अपनाया गया।
उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि श्यामलाल, देवलाल नेताम और योगेश कुमार को हिरासत में लिया गया है। उनके खिलाफ वन्य अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अब वन विभाग के सामने अतिक्रमण हटाने के साथ जंगल को हुए नुकसान की भरपाई की बड़ी चुनौती है।


