INDIA RELIGIOUS POPULATION : India’s Hindu-Muslim population will change by 2070…
रायपुर डेस्क। भारत आने वाले कई दशकों तक हिंदू बहुल देश बना रहेगा, लेकिन आने वाले वर्षों में देश की धार्मिक आबादी के अनुपात में बदलाव देखने को मिल सकता है। प्यू रिसर्च सेंटर के नए अध्ययन में 2070 तक भारत की धार्मिक संरचना को लेकर अनुमान जारी किए गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 में भारत की आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 79 प्रतिशत थी, जो 2070 तक घटकर 76 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वहीं, मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी 15 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। अनुमान है कि तब भारत में मुस्लिम आबादी करीब 33.4 करोड़ होगी।
अध्ययन के अनुसार, इस बदलाव की बड़ी वजह दोनों समुदायों की औसत उम्र और प्रजनन दर में अंतर है। 2020 में भारतीय मुसलमानों की औसत उम्र 24 साल और हिंदुओं की 29 साल थी। वहीं, 2025 से 2030 के बीच मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर 2.3 और हिंदू महिलाओं की 1.8 रहने का अनुमान है।
हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि दोनों समुदायों के बीच प्रजनन दर का अंतर धीरे-धीरे कम हो रहा है। इन अनुमानों से यह संकेत नहीं मिलता कि भविष्य में मुस्लिम आबादी हिंदुओं से अधिक हो जाएगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2070 तक पाकिस्तान 46.1 करोड़ मुस्लिम आबादी के साथ दुनिया में पहले स्थान पर पहुंच सकता है, जबकि भारत दूसरे नंबर पर रहेगा।
ध्यान देने वाली बात है कि ये अनुमान मौजूदा जनसांख्यिकीय रुझानों पर आधारित हैं। भारत की 2020 की धार्मिक आबादी का आकलन करने के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया है।


