STRAIT OF HORMUZ : Iran opens the way for India to get a major concession on Hormuz.
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत की खबर है। ईरान ने भारत समेत चार देशों के जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने पर लगी पाबंदियों में छूट देने की बात कही है। इस फैसले से भारतीय जहाजों की आवाजाही को राहत मिल सकती है।
ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के डिप्टी चेयरमैन अमीर हयात मोकद्दम ने बताया कि भारत, चीन, इराक और कतर के जहाजों को इस समुद्री मार्ग से गुजरने की छूट दी गई है। उनके मुताबिक, भारतीय और चीनी जहाजों से ट्रांजिट फीस ली जा रही है, जबकि कतर के जहाजों को बिना शुल्क गुजरने दिया जा रहा है। इराकी जहाजों पर शुल्क को लेकर उन्होंने स्थिति स्पष्ट नहीं की।
मोकद्दम के मुताबिक, भारत को यह छूट ईरान में दवाओं की आपूर्ति आसान बनाने के उद्देश्य से दी गई है। वहीं चीन के मामले में तेहरान का मकसद बीजिंग का राजनीतिक समर्थन हासिल करना है।
भारत के लिए यह रास्ता काफी अहम है। देश के करीब 30 प्रतिशत कच्चे तेल का आयात होर्मुज जलडमरूमध्य से होता है। इसके अलावा LPG और LNG की आपूर्ति के लिए भी यह समुद्री मार्ग महत्वपूर्ण है। यहां किसी भी तरह की रुकावट का असर भारत की ऊर्जा सुरक्षा और व्यापार पर पड़ सकता है।
हालांकि, यह जानकारी ईरानी सांसद के बयान पर आधारित है। भारत सरकार की ओर से इस विशेष छूट और ट्रांजिट फीस को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।


