RAIPUR BREAKING : Saurabh Chandrakar remanded for 8 days
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने बुधवार को उसे आठ दिन की कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया। अब CBI 12 नवंबर तक उससे पूछताछ कर सकेगी। खास बात यह है कि सुरक्षा कारणों से पूछताछ रायपुर नहीं, बल्कि दिल्ली में होगी।
बुधवार को सौरभ चंद्राकर को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान CBI ने उससे विस्तार से पूछताछ करने के लिए रिमांड मांगी। बचाव पक्ष ने भी अपनी दलीलें रखीं। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने CBI की मांग मंजूर कर ली।
अदालत ने पूछताछ के लिए कुछ शर्तें भी रखी हैं। पूरी प्रक्रिया CCTV कैमरों की निगरानी में होगी। इसके अलावा सौरभ को शाम के समय अपने वकील से मिलने की अनुमति दी गई है।
इस मामले में ED ने भी सौरभ चंद्राकर की कस्टडी लेने के लिए आवेदन दिया है। हालांकि, ED के आवेदन पर अंतिम फैसले की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। ED इस मामले में कथित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि सौरभ को हाल ही में ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। इसके बाद दिल्ली की अदालत ने CBI को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड दी थी। मंगलवार को उसे रायपुर लाया गया था।
अब CBI की आठ दिन की पूछताछ में महादेव सट्टा नेटवर्क, आर्थिक लेनदेन और उससे जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।


