ACTION ON ANIL AMBANI : ED takes major action against Anil Ambani
रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उद्योगपति अनिल अंबानी के ग्रुप पर एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एजेंसी ने 510.17 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की हैं। इस कार्रवाई के बाद अब तक कुर्क और जब्त की गई संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 23,100 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
ED के मुताबिक, यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है। अटैच की गई संपत्तियों में दो चार्टर्ड विमान, छह जमीन के टुकड़े, एक ऑफिस, दो विंडमिल और बैंक में जमा रकम शामिल हैं।
जांच अनिल अंबानी समूह से जुड़ी कंपनियों पर बैंकों और वित्तीय संस्थानों के साथ कथित धोखाधड़ी और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में चल रही है। एजेंसी की ओर से अब तक इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि छह आरोपपत्र दाखिल किए गए हैं।
इस बीच कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद अनिल अंबानी ED कार्यालय पहुंचे। बताया गया कि उन्हें कार्यालय के गेट पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। उनकी इंतजार करते हुए तस्वीर भी सामने आई है।
ED की लगातार बढ़ती कार्रवाई से अनिल अंबानी समूह की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। अब इस मामले में आगे जांच किस दिशा में जाती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।


