NATIONAL UNITY DAY : Modi’s big message on Unity Day, remembers Patel!
रायपुर। गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस का भव्य आयोजन हुआ। इस मौके पर 15 झांकियों के साथ करीब 5 हजार कलाकारों ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परेड में शामिल होकर देशवासियों को संबोधित किया और सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद किया।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत जैसे महान देश का नागरिक होना गर्व की बात है। आजादी के बाद 550 से ज्यादा रियासतों को एकजुट कर सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधा। उनके बिना आज के भारत की कल्पना करना मुश्किल है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस और राष्ट्रीय एकता दिवस तीनों का अपना विशेष महत्व है। आजादी देश को अपने फैसले लेने का अधिकार देती है, संविधान उन फैसलों को दिशा देता है और एकता पूरे राष्ट्र को आगे बढ़ने की ताकत देती है।
उन्होंने कहा कि भारत की विविधता कभी कमजोरी नहीं रही, बल्कि यही देश की एकता का आधार है। सरदार पटेल ने देश की सीमाओं के साथ लोगों की भावनात्मक एकता को भी मजबूत किया।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने एकता नगर की वामन वृक्ष वाटिका का दौरा किया। उन्होंने यहां बोनसाई के संग्रह, थीम आधारित गार्डन और शांत वातावरण की सराहना की। यहां पर्यटकों के लिए ‘मेक योर ओन बोनसाई’ गतिविधि भी उपलब्ध है।


