UP Firecracker Factory Blast: Massive explosion at firecracker factory; 11 dead and 22 injured!
UP FIRECRACKER FACTORY BLAST:उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और कौशांबी बॉर्डर के मोहम्मदपुर गांव में सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में दो बच्चों समेत 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 22 लोग झुलस गए हैं।
धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई मकानों को नुकसान पहुंचा और तीन मकान पूरी तरह जमींदोज हो गए।
कई झुलसे लोगों को ग्रामीण चारपाई के सहारे अस्पताल तक ले जाते नजर आए। हादसे की भयावहता को देखते हुए मलबे के नीचे अन्य लोगों के दबे होने की आशंका भी जताई जा रही है।
यह हादसा सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया।
फैक्ट्री में रखे पटाखों की वजह से कुछ समय तक लगातार धमाकों की आवाज आती रही, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पटाखा फैक्ट्री पूरी तरह ढह गई। इसके अलावा करीब 100 मीटर के दायरे में बने आठ मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। पुलिस और राहत टीमों को आशंका है कि मलबे में कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। ऐसे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है।
