CG Crime News: Main accused who hired contract killers to murder Congress leader arrested; one accused still at large!
CG CRIME NEWS: बिलासपुर के तारबाहर इलाके में कांग्रेसी नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला कराने की साजिश के मामले में पुलिस ने उस कथित मुख्य आरोपी नवीन पटेल को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने हमले के लिए दीपक तिवारी को पैसा उपलब्ध कराया था।
पुलिस के अनुसार, पड़ोसी नवीन पटेल ने कांग्रेस नेता श्याम कश्यप की हत्या के लिए रुपये उपलब्ध कराए थे। रुपये मिलने के बाद गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र से आए हमलावरों ने कांग्रेस नेता पर हमला किया। मामले में पहले ही एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
कांग्रेस नेता श्याम कश्यप के बेटे शिशिर कश्यप ने 4 जुलाई को तारबाहर थाने में हमले की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, श्याम कश्यप सुबह करीब 6:45 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए रेलवे अस्पताल के पास पहुंचे थे।
इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे तीन युवक वहां पहुंचे। पुलिस के अनुसार, आरोपी डंडे और धारदार हथियारों से लैस थे। उन्होंने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए कांग्रेस नेता पर हमला कर दिया।
घटना के बाद तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान की गई।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल दीपक तिवारी अभी फरार है। उसकी तलाश जारी है। पुलिस जब्त मोबाइल फोन की जांच भी कर रही है, जिससे घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
