CSPGCL News: Sai government to facilitate CSPGCL’s entry into the stock market!
CSPGCL NEWS: छत्तीसगढ़ सरकार ने CSPGCL को शेयर बाजार में लिस्ट करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही कंपनी 200 करोड़ रुपए तक के नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCD) यानी बॉन्ड जारी करेगी।
बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए 1320 मेगावाट की नई सुपरक्रिटिकल परियोजना और पुराने संयंत्रों के आधुनिकीकरण पर भी काम होगा।
सरकार का मानना है कि इस कदम से ऊर्जा क्षेत्र में निजी और संस्थागत निवेशकों की भागीदारी बढ़ेगी, कंपनी को पूंजी जुटाने में आसानी होगी और राज्य की बिजली उत्पादन क्षमता को और मजबूत किया जा सकेगा।
कैबिनेट के फैसले के तहत CSPGCL को बॉन्ड जारी करने की अनुमति दी गई है। राज्य सरकार इन बॉन्ड पर सरकारी गारंटी उपलब्ध कराएगी। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और कंपनी को कम लागत पर पूंजी जुटाने का अवसर मिलेगा। इस राशि का उपयोग बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने, संयंत्रों के आधुनिकीकरण और नई परियोजनाओं के विकास में किया जाएगा।
राज्य की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता लगभग 26,400 मेगावाट है, जिसमें CSPGCL की हिस्सेदारी करीब 11 प्रतिशत है। शेष क्षमता NTPC और निजी बिजली उत्पादक कंपनियों जैसे जिंदल, अडानी और BALCO सहित अन्य कंपनियों के पास है।
