CG UNIVERSITY: Hundreds of participants from across the state will showcase their talent at a three-day inter-college festival.
CG UNIVERSITY: पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (पीआरएसयू) के सभागार में आज तीन दिवसीय अंतर-महाविद्यालयीन ‘युवा-उत्सव 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ।
युवा ऊर्जा, कला और संस्कृति के इस महाकुंभ में प्रदेशभर के विभिन्न संबद्ध महाविद्यालयों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 17 से 19 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस उत्सव के उद्घाटन समारोह में साहित्य, कला, राजनीति और शिक्षा जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विख्यात लेखक, कलाविद, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के सदस्य एवं राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित डॉ. यतींद्र मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में धरसीवां के विधायक अनुज शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल ने की।
युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त मंच
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर और प्रेक्षागृह विभिन्न महाविद्यालयों से पधारे प्रतिभागियों, विद्यार्थियों और प्राध्यापकों के उत्साह से सराबोर नजर आया।
17 से 19 नवंबर तक चलने वाले इस अंतर-महाविद्यालयीन युवा-उत्सव के दौरान संगीत, नृत्य, नाटक, साहित्य (वाद-विवाद, प्रश्नमंच, काव्य पाठ) और ललित कला (चित्रकला, रंगोली, पोस्टर निर्माण) से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उद्घाटन सत्र के पश्चात विभिन्न महाविद्यालयों से आए सांस्कृतिक दलों द्वारा मनमोहक लोकनृत्य और संगीत की प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिसे उपस्थित दर्शकों और अतिथियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा, “विद्यार्थियों की छिपी हुई कलात्मक प्रतिभा, सृजनात्मकता और सांस्कृतिक ऊर्जा को उचित मंच प्रदान करने वाले ऐसे आयोजन हमारे युवाओं के सर्वांगीण विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के साथ-साथ कला, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी युवाओं के व्यक्तित्व को निखारती है और उन्हें अपनी जड़ों व समृद्ध छत्तीसगढ़ी तथा भारतीय संस्कृति से जोड़े रखती है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह ‘युवा-उत्सव’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा ऊर्जा और हमारी समृद्ध संस्कृति का महाकुंभ है। किताबों का ज्ञान हमें एक अच्छा पेशेवर बनाता है और रोज़गार देता है, लेकिन कला, साहित्य, संगीत और नाटक हमें एक संवेदनशील और संपूर्ण इंसान बनाते हैं। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए विधायक श्री शर्मा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कहा, “छत्तीसगढ़ की मिट्टी तो वैसे ही कला और संस्कृति की उर्वरा भूमि रही है। हमारी लोक-कलाओं, नृत्य और संगीत ने पूरी दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। आज इस मंच के माध्यम से आप सभी को अपनी प्रतिभा दुनिया के सामने लाने का सुनहरा अवसर मिला है। इन तीन दिनों में कोई नृत्य करेगा, कोई गायन में अपनी आवाज़ का जादू बिखेरेगा, कोई नाटक से समाज को आईना दिखाएगा, तो कोई अपनी लेखनी और वक्तृत्व कला से सबको प्रभावित करेगा।”
युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि मंच पर उतरते समय मन में हार या जीत का कोई डर न रखें। कला की दुनिया में कोई हारता नहीं है; जो जीतता है उसे पुरस्कार मिलता है, और जो नहीं जीत पाता उसे जीवन भर का अनुभव और सीख मिलती है। इसलिए बिना किसी संकोच के पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी कला का प्रदर्शन करें।
अपने उद्बोधन के अंत में उन्होंने प्रदेशभर से पधारी सभी युवा प्रतिभाओं को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि युवा ही भारत के भविष्य हैं। जब युवा अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़कर आगे बढ़ता है, तो वह किसी भी ऊँचाई को छू सकता है। उन्होंने युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए इतना शानदार मंच तैयार करने पर विश्वविद्यालय प्रशासन को साधुवाद देते हुए विश्वास जताया कि यह मंच प्रदेश की नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव, विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता (डीन), विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय के सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


