CG NEWS: Serious allegations of the use of substandard materials in a ₹40 crore Eklavya school project.
CG NEWS: दंतेवाड़ा में आदिवासी बच्चों को बेहतर शिक्षा और आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत फरसपाल में करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और तकनीकी मापदंडों की अनदेखी के आरोप लगे हैं।
पूर्व विधायक देवती महेंद्र कर्मा और जिला पंचायत सदस्य तुलिका कर्मा ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद ठेकेदार और कंपनी के इंजीनियर को जमकर फटकार लगाई और निर्माण की गुणवत्ता सुधारने की चेतावनी दी।
पूर्व विधायक देवती कर्मा ने कहा कि उनके ही क्षेत्र में 40 करोड़ रुपये की लागत से इतना बड़ा निर्माण कार्य कराया जा रहा है, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं दी गई। यहां तक कि भूमिपूजन कार्यक्रम में भी आमंत्रित नहीं किया गया।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को इतने महत्वपूर्ण निर्माण कार्य से दूर क्यों रखा जा रहा है। निर्माण स्थल पर कार्य से संबंधित सूचना बोर्ड नहीं लगाए जाने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य में सुधार नहीं हुआ और कथित घटिया सामग्री के इस्तेमाल पर रोक नहीं लगी तो वे निर्माण स्थल पर ही धरने पर बैठेंगी।
पूरे मामले को लेकर आदिवासी विकास शाखा अधिकारी राजू नाग ने बताया कि इसका टेंडर केंद्र सरकार के माध्यम से हुआ है और उसी व्यवस्था के तहत निर्माण कार्य संचालित किया जा रहा है. स्थानीय स्तर पर इसके अध्यक्ष कलेक्टर होते हैं. उन्होंने कहा कि गुणवत्ता संबंधी शिकायत को लेकर स्थानीय स्तर पर जांच कमेटी गठित की जाएगी.
सामग्री एवं गुणवत्ता का मूल्यांकन कराया जाएगा. जांच में यदि निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन पाया जाता है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का प्रावधान है


