विकास समनानी, ब्यूरो चीफ, दैनिक छत्तीसगढ़ वॉच, बिलासपुर
बिलासपुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण स्मार्ट सिटी बिलासपुर के कई प्रमुख क्षेत्र जलमग्न हो गए हैं। शहर के अनेक इलाकों में सड़कों पर पानी भर जाने से आमजन का जनजीवन प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि कई स्थानों पर सड़कें नौका विहार जैसी दिखाई दे रही हैं।
बारिश के कारण अशोक नगर, सरकंडा, सीपत रोड मुख्य मार्ग, बस स्टैंड, व्यापार विहार, श्रीकांत वर्मा मार्ग, मित्र विहार, ठेठाडबरी, टिकरापारा, जोरापारा, डी.एल.एस. कॉलेज क्षेत्र सहित सरकंडा की कई गलियां पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति का जायजा लेने के लिए शहर कांग्रेस कमेटी बिलासपुर के जिलाध्यक्ष श्री सुधांशु मिश्रा के नेतृत्व में श्री विजय केशरवानी, श्री राजेश पांडेय, श्री समीर अहमद (बाबला), श्री महेश दुबे, श्री गौरव ऐरी एवं अन्य कांग्रेसजनों ने शहर के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से चर्चा कर जल निकासी की व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
निरीक्षण के बाद जिलाध्यक्ष श्री सुधांशु मिश्रा ने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन लगातार बारिश ने व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है। उन्होंने कहा कि शहर की यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक और आम नागरिकों के लिए कष्टदायक है। उन्होंने राज्य सरकार और नगर निगम प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
शहर कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो आम जनता की परेशानियां और बढ़ेंगी।
