CG ANGANWADI SAREE CONTROVERSY : Major reshuffle after saree controversy!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी साड़ी खरीदी विवाद का असर अब सीधे महिला एवं बाल विकास विभाग के मुख्यालय तक पहुंच गया है। विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुराने सभी कार्य आवंटन रद्द कर दिए हैं और नई जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा उन अधिकारियों को लेकर है, जिनके नाम साड़ी खरीदी विवाद के दौरान सवालों के घेरे में आए थे। अब उन्हें खरीद और सप्लाई से जुड़ी शाखाओं से हटाकर महिला सशक्तिकरण समेत दूसरी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। इसे विभाग के भीतर जवाबदेही तय करने की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
आईसीडीएस, पोषण अभियान, पोषण आहार, भंडार, आईटी, बजट, आरटीआई, स्थापना और न्यायालयीन प्रकरण जैसी लगभग सभी अहम शाखाओं में नए सिरे से अफसरों और कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि पहले जारी सभी कार्य विभाजन आदेश अब स्वतः समाप्त हो गए हैं।
CG WOMEN HARASSMENT : अफसर पर उत्पीड़न के आरोप सही, फिर निलंबन के बीच नई पोस्टिंग कैसे ?
सूत्रों का कहना है कि साड़ी खरीदी विवाद के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे थे। ऐसे में यह फेरबदल केवल सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सिस्टम को रीसेट करने और जवाबदेही तय करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
आने वाले दिनों में यह भी देखने वाली बात होगी कि नई जिम्मेदारियों के बाद विभाग की योजनाओं और खरीद प्रक्रियाओं में कितना बदलाव और पारदर्शिता नजर आती है।
