SAKET BUILDING COLLAPSE : A 5-story building collapses in Saket.
नई दिल्ली। नई दिल्ली में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। साकेत मेट्रो स्टेशन के पास सैदुलाजाब इलाके में एक 5 मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। सबसे डरावनी बात ये रही कि गिरती हुई इमारत का पूरा मलबा बगल की बिल्डिंग और उसके नीचे चल रही कैंटीन पर जा गिरा, जहां उस वक्त छात्र खाना खा रहे थे।
CHHATTISGARH : 3 करोड़ का गांजा पकड़ा!
जानकारी के मुताबिक, जिस बिल्डिंग का हिस्सा गिरा उसमें कई ऑफिस थे, लेकिन शनिवार होने की वजह से ज्यादातर ऑफिस बंद थे। हालांकि पास वाली बिल्डिंग में लाइब्रेरी चल रही थी, जहां विदेश से MBBS करके लौटे छात्र मेडिकल परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। हादसा होते ही कई छात्र जान बचाकर बाहर निकल गए, लेकिन नीचे मौजूद कैंटीन मलबे में दब गई।
हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, NDRF और अन्य राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। अब तक 10 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया है और कई लोगों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
CG MURDER CASE : युवक की हत्या के बाद शव के टुकड़े कर खेत में फेंका
शाम करीब 7:44 बजे फायर विभाग को पहली कॉल मिली थी। इसके बाद रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। जेसीबी मशीनों की मदद से भारी कंक्रीट और लोहे का मलबा हटाया जा रहा है। संकरी गलियों और घनी आबादी के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर चिंता जताते हुए कहा है कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है। प्रशासन ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी है और लोगों से भीड़ न लगाने की अपील की है।
फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरा मलबा हटने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि अंदर कितने लोग फंसे थे और हादसे की असली वजह क्या रही।

