CG ONLINE BETTING : Major action against betting-hawala network, assets worth Rs 25 crore exposed!
बिलासपुर। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे और हवाला कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 करोड़ रुपये की संपत्तियों का खुलासा किया है। जांच में देश के अलग-अलग राज्यों तक फैले वित्तीय नेटवर्क और विदेश, खासकर दुबई में संपत्ति अर्जित करने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को तलाशी के दौरान करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां, बैंक से जुड़े दस्तावेज और संपत्ति के कागजात बरामद किए। इसके अलावा करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
दुबई तक पहुंचा संपत्ति का नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, थाना सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध की जांच के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे की रकम अलग-अलग राज्यों में भेजने और हवाला के जरिए धन का लेन-देन करने के तथ्य सामने आए हैं। जांच में दुबई में भी संपत्ति अर्जित किए जाने की जानकारी मिली है।
मामले में सुनील रोहरा, मनीष रोहरा और संदेही आकाश गोगा, निवासी जबलपुर के नाम सामने आए हैं। संबंधित आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। वहीं रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
अब संपत्तियों की कुर्की की तैयारी
सीएसपी गगन कुमार के मुताबिक, पुलिस बैंक खातों के लेन-देन, हवाला नेटवर्क, संपत्तियों के वास्तविक स्रोत और उनके लाभार्थियों की जांच कर रही है। अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान के बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
अब पुलिस की जांच इस बात पर टिकी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं और अवैध कमाई कहां-कहां निवेश की गई है।


