Cashless treatment for road accident victims; PM-RAHAT scheme to be implemented in the district
बिलासपुर: बिलासपुर जिले में सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को बेहतर और नि:शुल्क इलाज उपलब्ध कराने के लिए PM-RAHAT योजना लागू की जा रही है। इस योजना के तहत सड़क हादसे में घायल मरीजों को गोल्डन ऑवर के दौरान अस्पताल में भर्ती कर अधिकतम 7 दिनों तक या 1 लाख 50 हजार रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा दी जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को e-DAR पोर्टल पर पंजीयन करने और निर्धारित एसओपी का पालन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि दुर्घटना पीड़ितों को समय पर इलाज मिल सके। अधिकारियों के मुताबिक योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से सड़क दुर्घटना में होने वाली मौतों को कम करने में मदद मिलेगी।
इस योजना के तहत जिले के 6 सरकारी अस्पताल शामिल किए गए हैं, जिनमें सीएचसी तखतपुर, सिम्स बिलासपुर, सीएचसी बिल्हा, सीएचसी मस्तूरी, सीएचसी कोटा और जिला अस्पताल बिलासपुर शामिल हैं।
इसके अलावा आरबी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस, अंकुर ट्रॉमा केयर, अर्पा मेडिसिटी, केयर एन क्योर मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, रामकृष्णा हॉस्पिटल, संजीवनी हॉस्पिटल रिसर्च सेंटर, शिवांगी हॉस्पिटल, यूनिटी हॉस्पिटल, न्यू वंदना हॉस्पिटल, नोबल हॉस्पिटल, लाइफ केयर हॉस्पिटल समेत कुल 31 निजी अस्पतालों को भी योजना में पंजीकृत किया गया है।

