CG VIDHANSABHA : Kawasi Lakhma was seen hugging BJP leaders
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में उस समय अलग ही नजारा देखने को मिला जब पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा सदन की कार्यवाही में शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अनुमति के बाद वे सदन पहुंचे और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बगल में बैठते नजर आए।
सदन में प्रवेश करते ही उनका अलग ही दृश्य दिखा। वीडियो में वे पहले मंत्री रामविचार नेताम और फिर अजय चंद्राकर से गले मिलते नजर आए। इस दौरान कांग्रेस के अन्य विधायक यह दृश्य देखते रहे। सत्ता और विपक्ष के नेताओं के बीच यह सहज मुलाकात चर्चा का विषय बन गई।
जानकारी के मुताबिक, कवासी लखमा ने 6 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर बजट सत्र में शामिल होने की अनुमति मांगी थी। मामले पर विचार करने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें विशेष अनुमति प्रदान की। उनकी उपस्थिति को लेकर अदालत ने अंतिम निर्णय अध्यक्ष के विवेक पर छोड़ा था। 7 फरवरी को महाधिवक्ता से राय लेने के बाद अभिमत के आधार पर शर्तों के साथ उन्हें बजट सत्र 2026-27 में शामिल होने की अनुमति दी गई।

