BREAKING : Ayodhya saint and prominent figure of the Ram Temple movement, Dr. Ram Vilas Das Vedanti passes away.
अयोध्या/रीवा। राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख सूत्रधार और अयोध्या से पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती का निधन हो गया है। मध्य प्रदेश के रीवा में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही अयोध्या समेत पूरे संत समाज और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, डॉ. वेदांती मध्य प्रदेश के रीवा जनपद में प्रवास पर थे। बुधवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने लगातार इलाज किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
डॉ. रामविलास दास वेदांती राम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रणी चेहरों में शामिल रहे। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अयोध्या से सांसद रहते हुए उन्होंने संसद से लेकर सड़कों तक राम मंदिर निर्माण की आवाज बुलंद की। संत समाज और राम भक्तों के लिए उनके निधन को अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश से उनका पार्थिव शरीर अयोध्या लाया जा रहा है। अयोध्या पहुंचने के बाद अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उनके निधन पर संतों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख जताया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी डॉ. रामविलास दास वेदांती के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उनका गोलोकगमन आध्यात्मिक जगत और सनातन संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि संत वेदांती का त्यागमय जीवन धर्म, समाज और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

