15 glorious years of Dainik Chhattisgarh Watch, CM Sai said – Chhattisgarh will become the center of development with the new industrial policy!
रायपुर। दैनिक छत्तीसगढ़ वॉच के 15वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में शामिल होकर सभी को बधाई दी और मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए समाज के प्रति इसकी जिम्मेदारी को रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “छत्तीसगढ़ वॉच ने 15 गौरवशाली वर्ष पूरे किए हैं। प्रदेश के विकास, सरकार की योजनाओं को आमजन तकपहुँचाने और समाज की आवाज़ उठाने में मीडिया की भूमिका अहम है।”
उन्होंने प्रदेश की विकास संभावनाओं पर बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है। “आयरन, बैलाडिला की खानें, लिथियम, सोना और अन्य खनिज संपदा के कारण छत्तीसगढ़ प्रगति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।”
मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों की सफलता पर भी प्रकाश डाला।“पिछले डेढ़ साल में कई सफलताएं मिली हैं।बस्तर में अब बंदूक की आवाज़ की जगह स्कूल की घंटियां बज रही हैं। बस्तर की जनता विकास चाहती है। बस्तर ओलंपिक औरबस्तर पंडुम जैसे कार्यक्रमों में लाखों लोग शामिल हुए हैं। 1500 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।”
सीएम साय ने नई औद्योगिक नीति, पुनर्वास नीति, महिला रोजगार योजनाओं, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन, टेक्सटाइल सेक्टर और फार्मास्यूटिकल उद्योग में हो रहे कामों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के विज़न के तहत छत्तीसगढ़ की औद्योगिक प्रगति और निवेश बढ़ाने पर सरकार काम कर रही है।
