बिलासपुर। कोरोना संक्रमण बढ़ने से अब श्रमिकों की वापसी होने लगी है। दिल्ली, जम्मू व उत्तर प्रदेश की ओर आने वाली ट्रेनों से बड़ी संख्या में श्रमिक बिलासपुर लौट रहे हैं। सोमवार को भी निजामुद्दीन – दुर्ग संपर्कक्रांति एक्सप्रेस इन्हीं यात्रियों की अधिक भीड़ थी। दरअसल पहली लहर में बड़ी संख्या में श्रमिक अलग- अलग राज्यों में फंस गए थे। राज्य सरकार की विशेष पहल पर सभी को वापस लाया गया था। अभी भी हालत लाकडाउन जैसे ही है। इसी देखते हुए श्रमिक वापसी करने में भी भलाई समझ रहे हैं।
सभी राज्यों में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। बिलासपुर में हर दिन 300 से 350 पाजिटिव मिल रहे हैं। हालांकि अभी लाकडाउन नहीं लगा है। लेकिन इसी तरह संक्रमण बढ़ता है तो किसी भी दिन लाकडाउन लग सकता है। कुछ राज्यों में तो रात में कर्फ्यू भी लग गया है। इसे देखते हुए लोगों में चिंता है।
खासकर ऐसे लोग जो कमाने- खाने के लिए उस राज्य में पहुंचे हैं। छत्तीसगढ़ की बात करें तो यहां बड़ी संख्या में श्रमिक पलायन करते हैं। दिल्ली, जम्मूतवी समेत अन्य ट्रेनों में इनकी भीड़ कुछ महीने लगातार नजर आ रही थी। हालांकि उस समय स्थिति सामान्य थी। पर अब ऐसा नहीं है। इसीलिए श्रमिक अब लौट रहे हैं, ताकि घर पर रहे हैं।
वैसे भी पहली लहर में जिस तरह की स्थिति बनी हुई थी, उससे श्रमिक डरे हुए हैं। ऐसी स्थिति में अपने गांव लौटने में समझदारी मान रहे हैं। जोनल स्टेशन में हर दिन ऐसे श्रमिकों की भीड़ नजर आ रही है। भारी भरकम लगेज व बच्चों के साथ पहुंच रहे हैं।
