CHHATTISGARH : Drama continued on the roof for two hours, then a young man saved his life.
अंबिकापुर। शहर के नावापारा स्थित आकाशवाणी रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उर्दूलाइन स्कूल के पास संचालित हॉस्टल में रहने वाली कक्षा 12वीं की छात्रा दो मंजिला इमारत की छत पर चढ़ गई। छात्रा के नीचे कूदने की धमकी देने से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद रोशन ठाकुर नाम के युवक ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
रेलिंग पर चलकर देने लगी धमकी
जानकारी के मुताबिक, छात्रा अचानक हॉस्टल की छत पर पहुंच गई और रेलिंग पर चलते हुए नीचे कूदने की बात कहने लगी। शिक्षकों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुई। घटना की खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जुट गई और आकाशवाणी रोड पर यातायात प्रभावित हुआ।
पुलिस और शिक्षा अधिकारी भी पहुंचे
सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस की टीम एसआई दिलीप दुबे के साथ घटनास्थल पर पहुंची। जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। छात्रा को सुरक्षित नीचे लाने के प्रयास जारी रहे।
पाइप के सहारे छत पर पहुंचा युवक
इसी दौरान रोशन ठाकुर पाइप के सहारे छत तक पहुंचा और छात्रा को पकड़कर सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद छात्रा को हॉस्टल के शिक्षकों के सुपुर्द कर दिया गया। युवक की पहल से बड़ा हादसा टल गया।
छात्रा के कदम की वजह अब भी साफ नहीं
बताया जा रहा है कि छात्रा जशपुर जिले के कांसाबेल की रहने वाली है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। छात्रा की काउंसलिंग कर उसकी परेशानी समझना जरूरी है।


