UK PARLIAMENT CONTROVERSY : Direct attack on Trump in the British Parliament
ब्रिटेन की संसद में उस वक्त हंगामा मच गया, जब लिबरल डेमोक्रेट पार्टी के नेता एड डेविड ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा और खुला हमला बोल दिया। एड डेविड ने ट्रंप को “अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर”, “बुली” और “अमेरिका के इतिहास का सबसे भ्रष्ट राष्ट्रपति” तक कह डाला। यह बयान ऐसे समय आया है, जब ट्रंप ने ब्रिटेन और कई यूरोपीय देशों पर 10 से 25 फीसदी तक आयात शुल्क लगाने की धमकी दी है।
दरअसल, ये सभी देश डेनमार्क के उस फैसले के समर्थन में खड़े हैं, जिसमें उसने ग्रीनलैंड को अमेरिका को बेचने या सौंपने से साफ इनकार कर दिया है। एड डेविड ने संसद में कहा कि दुनिया बेहद खतरनाक दौर से गुजर रही है और ट्रंप सहयोग की जगह धमकी और दबाव की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ब्रिटेन और अमेरिका के बीच की ऐतिहासिक “स्पेशल रिलेशनशिप” अब टूटने की कगार पर पहुंच चुकी है।
एड डेविड ने कहा, “ट्रंप ऐसा व्यवहार कर रहे हैं जैसे कोई गुंडा, जो ताकत के दम पर जो चाहे छीन सकता है।” उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप नाटो को कमजोर करने और सहयोगी देशों की संप्रभुता को कुचलने की धमकी दे रहे हैं। डेविड के मुताबिक, इस टकराव का फायदा सिर्फ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को हो रहा है।
उन्होंने ब्रिटेन की मौजूदा लेबर सरकार और पिछली कंजरवेटिव सरकारों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ट्रंप को खुश करने, उनकी तारीफ करने और उनके सामने झुकने की नीति पूरी तरह फेल हो चुकी है। अब ब्रिटेन को फैसला करना होगा कि वह ट्रंप के सामने मजबूती से खड़ा होगा या फिर “कुछ अरब डॉलर देकर उन्हें खुश करने” की कोशिश करेगा।
तनाव तब और बढ़ गया, जब ट्रंप ने सोशल मीडिया पर ग्रीनलैंड पर अमेरिकी झंडा लगा हुआ फर्जी चित्र और ऐसा नक्शा पोस्ट किया, जिसमें कनाडा और ग्रीनलैंड को अमेरिका का हिस्सा दिखाया गया। ट्रंप ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से भी सीधा टकराव मोल ले लिया है। उन्होंने फ्रांसीसी वाइन और शैंपेन पर 200 फीसदी टैरिफ लगाने की धमकी दी और दावा किया कि इससे मैक्रों उनके कथित “बोर्ड ऑफ पीस” में शामिल हो जाएंगे।
फ्रांस की मंत्री एनी जेनवार्ड ने ट्रंप की इस रणनीति को “क्रूर” और “ब्लैकमेल का हथियार” करार दिया है। वहीं, अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने सहयोगी देशों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि अमेरिका के रिश्ते दुनिया भर में पहले से ज्यादा मजबूत हैं।

