SONIA GANDHI BOOK LAUNCH: Sonia Gandhi becomes emotional during the event; Rahul and Priyanka step in to support her.
SONIA GANDHI BOOK LAUNCH: दिल्ली में आयोजित किताब लॉन्च कार्यक्रम की शुरुआत सोनिया गांधी के जीवन पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म से हुई। इसे देखते हुए वह भावुक हो गईं।
कार्यक्रम में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी उनके साथ मंच पर मौजूद रहे। इस मौके पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, मुख्यमंत्री और विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए।
सोनिया गांधी ने अपने जीवन के सबसे मुश्किल दौर को याद करते हुए कहा कि राजीव गांधी के जाने के बाद उनके लिए सब कुछ बदल गया था। वह टूट गई थीं, लेकिन राहुल और प्रियंका ने उन्हें संभाला।
उन्होंने बताया कि किताब लिखते समय उन्हें जीवन के कई ऐसे पल याद आए, जिनके बारे में उन्होंने लंबे समय से सोचा भी नहीं था। इनमें इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या जैसे बेहद दुखद प्रसंग शामिल हैं। सोनिया ने कहा कि इन घटनाओं ने उन्हें गहरे सदमे और दुख में डाल दिया था।
सोनिया ने कहा, कि ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ उनके जीवन और भारत से जुड़ाव की कहानी है। उन्होंने कहा कि एक दूसरे देश से आकर यहां की संस्कृति, लोगों और जगहों से जुड़ने में काफी मेहनत लगी। धीरे-धीरे भारत उनका अपना घर बन गया।
उन्होंने कहा कि इस किताब में अपने परिवार को ईमानदारी से दिखाने की कोशिश की है। इसमें उन लोगों और रिश्तों का जिक्र है, जिन्हें उन्होंने जाना और प्यार किया।
सोनिया गांधी ने बताया, उन्होंने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा अपनी निजी भावनाओं को अपने तक सीमित रखकर बिताया। राजनीति में आने के बाद भी उन्होंने निजी जीवन को सार्वजनिक चर्चा से दूर रखने की कोशिश की।
सोनिया गांधी ने बताया कि शुरुआत में उनके लिए अपने जीवन और भावनाओं के बारे में खुलकर लिखना आसान नहीं था। वह अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक करने में हमेशा हिचकिचाती रही हैं
उन्होंने कहा कि राहुल, प्रियंका और उनकी करीबी दोस्त मंजुलिका दुबे के लगातार आग्रह के बाद वह किताब लिखने के लिए तैयार हुईं।
सोनिया ने किताब लिखने की एक वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के बारे में बहुत कुछ लिखा और कहा गया है, लेकिन इनमें से ज्यादातर बातें सच्चाई से दूर हैं। वह अपनी भावनाओं और परिवार के बारे में जो जानती हैं, उसे लोगों के सामने रखना चाहती थीं। उनके मुताबिक, इस किताब के जरिए वह अपनी कहानी खुद लोगों तक पहुंचाना चाहती थीं
सोनिया गांधी ने भारतीय राजनीति में अपने शुरुआती दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें कई बार यह सुनना पड़ता था कि वह भारत की नहीं हैं और उन्हें यहां की राजनीति के बारे में कुछ नहीं पता।
सोनिया ने कहा कि लोग उनसे कहते थे कि वे यहां रहते हैं और देश को बेहतर जानते हैं। हालांकि, 2004 के लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद लोगों की राय में बदलाव आया।
उन्होंने युवाओं से राजनीति में आगे आने की अपील भी की। सोनिया ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को राजनीति में शामिल होना चाहिए। युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए।
सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च कार्यक्रम में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, केरलम और कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ कार्यक्रम में पहुंचे।
राहुल गांधी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया था। पहली कतार में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, विजय और कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल बैठे नजर आए।


