VIDYAVATI SIDAR REGRET : BJP expresses regret after anger of journalists!
सारंगढ़. सारंगढ़ में भाजपा के दीपावली मिलन समारोह के दौरान पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला अब शांत होता नजर आ रहा है। भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार ने पत्रकारों के साथ हुए व्यवहार पर खेद जताया है। इसकी जानकारी भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल ने दी।
दरअसल, अग्रसेन भवन में आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान पत्रकारों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार को लेकर पत्रकारों में नाराजगी थी। प्रेस क्लब ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यावती सिदार से लिखित माफीनामे की मांग की थी। पत्रकारों ने चेतावनी दी थी कि जब तक लिखित माफीनामा नहीं दिया जाता, तब तक उनके मौजूद रहने वाले कार्यक्रमों का बहिष्कार किया जाएगा।
पत्रकारों का कहना था कि यह मामला केवल एक घटना का नहीं, बल्कि मीडिया के सम्मान और गरिमा से जुड़ा है। जनहित के मुद्दों को सामने लाने वाले पत्रकारों के साथ अनुचित व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।
अब भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल ने बताया कि विद्यावती सिदार से इस मामले में बातचीत हुई है। उन्होंने घटनाक्रम पर खेद जताया है और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होने का भरोसा दिया है।
इस बयान के बाद पत्रकारों की नाराजगी दूर होने की बात कही जा रही है। हालांकि, प्रेस क्लब की ओर से लिखित माफीनामे की मांग को लेकर आगे क्या रुख अपनाया जाएगा, इस पर नजर बनी हुई है।


