CHHATTISGARH : 10 days parole, prisoner absconding for 18 years!
रायपुर। रायपुर में हत्या के मामले में सजा काट रहा एक कैदी 10 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटा। अब करीब 18 साल बाद कोतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। फरार कैदी की पहचान गणेश देवांगन के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, गणेश देवांगन को 23 जुलाई 2008 को 10 दिन की पैरोल पर केंद्रीय जेल रायपुर से रिहा किया गया था। पैरोल की अवधि पूरी होने के बाद उसे जेल में सरेंडर करना था, लेकिन वह तय समय पर नहीं पहुंचा। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला।
जेल प्रशासन के पत्र के बाद FIR
केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक ने 19 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर मामले की जानकारी दी थी। इसके साथ संबंधित दस्तावेज भी भेजे गए। दस्तावेजों में कैदी का पता पुरानी बस्ती के मिनीमाता चौक-बूढ़ेश्वर चौक क्षेत्र का बताया गया है।
जेल प्रशासन ने फरार कैदी की वर्तमान स्थिति का पता लगाने और एफआईआर की कॉपी उपलब्ध कराने की मांग की थी। पत्र में मामले के छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से जुड़े होने का भी उल्लेख किया गया था।
दस्तावेजों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस के सामने करीब 18 साल से फरार कैदी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करने की चुनौती है।
सवाल यह भी है कि पैरोल पर बाहर आने के बाद इतने लंबे समय तक उसका सुराग क्यों नहीं मिल पाया?


