RAIPUR BUSES: Buses dropping passengers off 1 km early; commuters forced to pay extra.
RAIPUR BUSES: पचपेड़ी नाका में लगने वाले जाम को देखते हुए यातायात पुलिस ने धमतरी रूट से रायपुर आने वाली बसों का स्टॉपेज बदल दिया है।
जानकारी के अनुसार, धमतरी रूट से कांकेर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा समेत कई इलाकों की रोजाना 400 से ज्यादा बसें रायपुर पहुंचती हैं।
इनसे 20 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। कुछ दिन पहले यातायात व्यवस्था को लेकर हुई बैठक में पचपेड़ी नाका के बजाय एमएमआई चौक पर बसों को रोकने का फैसला लिया गया था। इसका उद्देश्य पचपेड़ी नाका में लगने वाले जाम को कम करना है। हालांकि, स्टॉपेज बदलने के बाद यात्रियों को आगे पहुंचाने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।
एमएमआई चौक से आगे जाने के लिए लोगों को अलग से ऑटो करना पड़ रहा है। कुछ ऑटो चालक प्रति सवारी 40 से 50 रुपए तक किराया मांग रहे हैं। इससे यात्रियों का खर्च बढ़ गया है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है।
जानकारी के मुताबिक, बसों का स्टॉपेज बदलने को लेकर ऑपरेटरों को कोई लिखित आदेश नहीं मिला है। केवल मौखिक निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों को अब एमएमआई चौक से आगे जाने के लिए दूसरी सवारी तलाशनी पड़ रही है। पूरा बस किराया देने के बावजूद अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
