RAIPUR BREAKING : Massive fire in Raipur oil factory
रायपुर। राजधानी रायपुर के भनपुरी इलाके में शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कावेरी इंडस्ट्रीज स्थित एक ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटों और धुएं के गुबार को देख आसपास के लोग घबरा गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। फैक्ट्री में तेल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी रही, जिससे दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
