CG SEX RACKET : Prostitution racket busted, broker arrested
रायगढ़, 8 फरवरी 2026। जिले में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोईरदादर क्षेत्र में संचालित सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। इस मामले में दलाल नारायण वैष्णव और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मकान मालिक पैसों का लालच देकर बाहर से लड़कियों और महिलाओं को बुलाता था और अपने मकान में उनसे देह व्यापार करवाता था। इस कार्रवाई को एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर अंजाम दिया गया। जिले में पीटा एक्ट के तहत यह एक सप्ताह के भीतर तीसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।
7 फरवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर इलाके में देह व्यापार चल रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के निर्देशन में एक पुलिस कर्मी को ग्राहक बनाकर भेजा गया। इशारा मिलते ही चक्रधरनगर थाना, साइबर सेल और महिला थाना की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
रेड के दौरान आरोपी नारायण वैष्णव और एक महिला मकान के भीतर मिले। पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि आरोपी ही पूरे रैकेट का संचालन कर रहा था और दलाली की भूमिका निभा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।
आरोपी के खिलाफ पीटा एक्ट की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

