RAID BREAKING: NIA raids in 8 states, spying network exposed, crackdown on suspects linked to Pakistan
नई दिल्ली. पाकिस्तान से जुड़े जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शनिवार को देश के 8 राज्यों में 15 ठिकानों पर बड़ी छापेमारी की। ये छापेमारी दिल्ली, मुंबई (महाराष्ट्र), हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, असम और पश्चिम बंगाल में की गई। इस दौरान संदिग्धों के घरों और ठिकानों से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज, संवेदनशील दस्तावेज और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।
NIA के अनुसार, जांच में पाया गया कि जिन संदिग्धों के यहां छापे मारे गए, उनका सीधा संबंध पाकिस्तान के खुफिया अधिकारियों से था। ये लोग भारत में जासूसी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए वित्तीय माध्यम के रूप में काम कर रहे थे।
जांच में यह भी सामने आया कि पकड़े गए आरोपियों में से एक ने 2023 से पाकिस्तान के खुफिया एजेंटों को संवेदनशील जानकारियां शेयर कीं, जिसके बदले में उसे भारत में कई माध्यमों से पैसा भेजा जाता था।
गौरतलब है कि NIA ने इस मामले में 20 मई को केस दर्ज किया था और एक आरोपी की गिरफ्तारी भी की थी। यह केस भारतीय दंड संहिता की धाराओं 61(2), 147, 148, आधिकारिक गुप्त सूचना अधिनियम की धाराओं 3 और 5, और आतंकवाद निरोधक कानून (UAPA) की धारा 18 के तहत दर्ज है।
NIA का कहना है कि जांच अभी भी जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां और खुलासे हो सकते हैं। यह कार्रवाई भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अहम कदम मानी जा रही है।

