INDORE WATER CRISIS : इंदौर पानी संकट पर राहुल का हमला

Date:

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

INDORE WATER CRISIS : Rahul Gandhi attacks Indore’s water crisis

इंदौर। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचे और दूषित पानी से प्रभावित लोगों से मुलाकात की। राहुल गांधी सबसे पहले बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने दूषित पानी पीने से बीमार हुए मरीजों और उनके परिजनों का हाल-चाल जाना।

इसके बाद राहुल गांधी भागीरथपुरा पहुंचे और दूषित पानी से जान गंवाने वाली गीता बाई और जीवनलाल के परिजनों से मुलाकात की। दोनों परिवारों को उन्होंने आर्थिक सहायता के रूप में चेक दिए। राहुल इसके बाद संस्कार गार्डन पहुंचे, जहां उन्होंने अन्य प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। यहां पीड़ितों को एक-एक लाख रुपए और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की ओर से 50-50 हजार रुपए के चेक दिए गए।

राहुल गांधी ने इस दौरान सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “ये नए मॉडल की स्मार्ट सिटी है। यहां पीने का पानी नहीं है। परिवार पानी पीने के बाद बीमार हुए। यानी इंदौर में साफ पानी नहीं मिल सकता। यही है अर्बन मॉडल।”

“पानी पीकर लोग मर रहे हैं” – राहुल

भागीरथपुरा में मृतकों के परिजनों से मिलने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि इंदौर में लोग पानी पीकर मर रहे हैं। “लोगों को डराया जा रहा है। सारे परिवार पानी पीने के बाद बीमार हुए हैं। ये कहा जाता था कि देश को स्मार्ट सिटी दी जाएगी, लेकिन हकीकत सामने है।”

राहुल ने कहा कि यह समस्या सिर्फ इंदौर तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के कई शहरों में यही हाल है। “सरकार अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रही। किसी न किसी को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। इलाज और मौतों के लिए सरकार को मुआवजा देना चाहिए।”

रहवासियों की शिकायत: अब भी साफ पानी नहीं

राहुल गांधी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने कहा है कि पानी की टंकी सिर्फ एक सिंबल बनकर रह गई है। आज भी साफ पानी नहीं मिल रहा। कुछ दिन के लिए बैन लगाया गया है, लेकिन बाद में फिर वही पानी सप्लाई कर दिया जाएगा। लोग चाहते हैं कि सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाए।

राजनीति के सवाल पर राहुल का जवाब

जब राहुल से पूछा गया कि क्या वे यहां राजनीति करने आए हैं, तो उन्होंने कहा, “मैं यहां लोगों को सपोर्ट करने आया हूं। मैं विपक्ष का नेता हूं। लोगों को साफ पानी नहीं मिल रहा, तो उनकी मदद करना मेरी जिम्मेदारी है। मैं इनके साथ खड़ा हूं।”

इस दौरान राहुल गांधी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और अजय सिंह मौजूद रहे। गौरतलब है कि इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी से अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है।

 

 

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related