नई दिल्ली : देश में कोरोनावायरस संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. दो हफ्ते पहले तक जहां कोविड-19 के रोजाना 6-7 हजार नए मामले सामने आ रहे थे, वहीं अब यह आंकड़ा 1.59 लाख पहुंच गया है. कोरोना की तीसरी लहर की शुरुआत हो चुकी है. एक्सपर्ट का मानना है कि तीसरी लहर का पीक फरवरी में आ सकता है. बढ़ते संक्रमण के मामलों ने देशभर की राज्य सरकारों की चिंता में खासा इजाफा किया है. कोविड-19 के दिल्ली और महाराष्ट्र से एक बार फिर रिकॉर्ड मामले दर्ज हुए हैं. दिल्ली से शनिवार को कोविड के 20,181 नए मामले सामने आए. जबकि महाराष्ट्र में यह आंकड़ा 41,434 तक पहुंच गया है.
UP में कोरोना संक्रमण के 7,695 नए मामले
उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 7,695 नए मामले सामने आए. स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में एक्टिव केस की संख्या 25,974 है. उन्होंने कहा कि बीते 24 घंटों में संक्रमण के कारण 4 मरीजों की मौत हुई है.
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी कोरोना पॉजिटिव
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ एस करुणा राजू कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं. समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया कि उन्होंने खुद इसकी पुष्टि की है. चुनाव आयोग ने शनिवार को पंजाब में विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा की थी. राज्य में 14 फरवरी को एक ही चरण में मतदान होंगे और 10 मार्च को वोटों की गिनती होगी.

