शिवरीनारायण। नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की लगातार अनदेखी अब आमजन के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनती जा रही है। थाना शिवरीनारायण के मुख्य गेट से महज चार कदम की दूरी पर वार्ड क्रमांक 8 में स्थित शासकीय हैंडपंप के आसपास नाली निकासी नहीं होने के कारण पानी लगातार जमा हो रहा है। नाली के गंदे पानी से हैंडपंप परिसर पूरी तरह से भर चुका है, जिससे यहां आने-जाने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
दूर-दराज से अपनी समस्या लेकर थाना पहुंचने वाले लोग भी इस बदहाल व्यवस्था का खामियाजा भुगत रहे हैं। नाली के पानी से उठती दुर्गंध ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है। हालात यह है कि हैंडपंप का पानी पीना भी लोगों के लिए मुश्किल हो गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर के अन्य क्षेत्रों में भी नालियों की उचित सफाई नहीं होने के कारण कचरे और गंदगी का जमाव स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा और बढ़ गया है।
जनता ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल कार्यवाही की मांग की है, ताकि नालियों की सफाई कर स्थायी निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके तथा हैंडपंप परिसर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाया जा सके।
नीरज शर्मा संवाददाता शिवरीनारायण

