PAKISTAN TARBEL DAM : What happened to Pakistan’s big dam being built with the help of China?
रायपुर डेस्क। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में चीन की मदद से बन रहे तारबेला बांध की विस्तार परियोजना में बड़ा हादसा हुआ है। सोमवार को निर्माण स्थल पर चट्टान का एक हिस्सा ढह गया, जिसके बाद पानी की तेज धारा निर्माणाधीन टनल और पावर हाउस क्षेत्र में घुस गई। घटना के बाद मौके पर इमरजेंसी घोषित कर निर्माण कार्य रोक दिया गया।
पाकिस्तान की वाटर एंड पावर डेवलपमेंट अथॉरिटी (WAPDA) के मुताबिक, तारबेला बांध की पांचवीं विस्तार परियोजना यानी टी-5 के तहत कनेक्टिंग टनल की खुदाई चल रही थी। इसी दौरान कमजोर चट्टान ढहने से पानी अंदर घुस गया।
हादसे में एक मजदूर के बहने की खबर आई थी, जिसे बाद में बचा लिया गया। प्रशासन के मुताबिक सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
स्वाबी के डिप्टी कमिश्नर नसरुल्लाह खान ने बताया कि जरूरी कारणों से बांध से अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। इससे सिंधु नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ सकता है। प्रशासन ने लोगों से नदी में नहाने, तैरने और नाव चलाने से बचने की अपील की है।
यह परियोजना 1,530 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता वाली है। इसकी लागत पहले 82 अरब पाकिस्तानी रुपये थी, जो बढ़कर 317 अरब रुपये हो गई है। परियोजना के जून 2028 तक पूरा होने का लक्ष्य है। इसके लिए विश्व बैंक और एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक से वित्तीय मदद मिल रही है।


