MOHAN BHAGWAT : When Ibrahim came to the rescue of RSS…
रायपुर डेस्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने संघ के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक दिलचस्प प्रसंग साझा किया है। उन्होंने बताया कि जब 1930 के दशक में तत्कालीन सेंट्रल प्रोविंस की विधानसभा में संघ पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश हुई थी, तब एक इब्राहिम नाम के व्यक्ति ने संगठन का बचाव किया था।
भागवत सोमवार को नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के नए सभागार के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि उस समय संघ को बहुत कम लोग जानते थे, जबकि संगठन के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की पहचान काफी थी।
भागवत के मुताबिक, विधानसभा में इब्राहिम ने संघ को सांप्रदायिक संगठन मानने से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि संघ पर प्रतिबंध नहीं लगाया जाना चाहिए। इब्राहिम ने डॉ. हेडगेवार को व्यक्तिगत रूप से जानने और उन्हें अच्छा इंसान मानने की बात भी कही थी। हालांकि, उन्होंने हिंदू राष्ट्र की अवधारणा पर अपनी अलग टिप्पणी भी की थी।
स्वयंसेवक ही संघ की पहचान
भागवत ने कहा कि शुरुआत में संघ की पहचान उसके संस्थापक से थी, लेकिन समय के साथ स्वयंसेवक ही संगठन की पहचान बन गए। स्थापना के 100 साल बाद भी स्वयंसेवकों का समर्पण और काम ही संघ की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने प्रचारकों के जीवन पर तैयार हो रही पुस्तक का भी जिक्र किया। कहा कि इसका उद्देश्य प्रचारकों के त्याग और योगदान को दर्ज करना और उनके प्रति कृतज्ञता जताना है, न कि कोई भौतिक लाभ हासिल करना।


